📅 Thursday, 22 October 2026
LIVE

जियो फाइनेंशियल और बैंक ऑफ अमेरिका के बीच बड़ी डील, जियो क्रेडिट में 49.9% हिस्सेदारी खरीदेगा बोफा

📅 August 12, 2026 👤 admin 🕒 1 min read
jio financial news

नई दिल्ली। मुकेश अंबानी की जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने बैंक ऑफ अमेरिका के साथ एक बड़ी डील की है। इस डील के तहत बैंक ऑफ अमेरिका, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की कर्ज देने वाली कंपनी जियो क्रेडिट में 49.9 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करेगा। इसके लिए बैंक ऑफ अमेरिका करीब 1.9 अरब डॉलर यानी लगभग 18,268 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि दोनों कंपनियों ने एक ज्वाइंट वेंचर एग्रीमेंट किया है। समझौते के तहत बैंक ऑफ अमेरिका प्रेफरेंशियल शेयर अलॉटमेंट और वारंट के जरिए जियो क्रेडिट में हिस्सेदारी खरीदेगा।

शुरुआत में बैंक ऑफ अमेरिका प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए जियो क्रेडिट में 26.5 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करेगा। इसके बाद वारंट का इस्तेमाल करके उसकी हिस्सेदारी बढ़कर 49.9 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।

क्या कहा कंपनी ने?

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के मुताबिक, यह ज्वाइंट वेंचर जियो फाइनेंशियल की डिजिटल पहुंच और भारतीय बाजार की समझ को बैंक ऑफ अमेरिका की वैश्विक वित्तीय सेवा विशेषज्ञता के साथ जोड़ेगा।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि बैंक ऑफ अमेरिका का निवेश एक प्रमुख बाजार में वित्तीय निवेश के तौर पर किया जा रहा है। इसे बैंक ऑफ अमेरिका के भारतीय रिटेल लोन कारोबार में सीधे प्रवेश के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।

जियो क्रेडिट के पास कितने एसेट्स हैं?

करीब दो साल पुरानी जियो क्रेडिट के पास 30 जून तक 30,667 करोड़ रुपये की एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) थीं। कंपनी का ऋण वितरण भी तेजी से बढ़ा है और यह 2.7 गुना बढ़कर 11,252 करोड़ रुपये पहुंच गया।

जियो क्रेडिट की पैरेंट कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 830 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 156 प्रतिशत अधिक है।

इसी अवधि में कंपनी का परिचालन राजस्व 3.27 गुना बढ़कर 2,004 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, लाभांश को छोड़कर कंपनी की कुल आय 1,496 करोड़ रुपये रही, जो सालाना आधार पर 141 प्रतिशत की वृद्धि है।

लोन, पेमेंट्स और डिजिटल कारोबार में भी तेजी

कंपनी ने अपने तिमाही नतीजे जारी करते हुए बताया था कि उसके अलग-अलग कारोबारों में तेजी से विस्तार हुआ है। जियो क्रेडिट के लोन कारोबार, एसेट मैनेजमेंट और पेमेंट्स बिजनेस में लगातार वृद्धि देखने को मिली है।

इसके अलावा JioFinance ऐप पर बढ़ती डिजिटल भागीदारी को भी कंपनी ने सकारात्मक संकेत बताया है।

जियो पेमेंट्स बैंक की कुल आय 83 करोड़ रुपये रही, जो सालाना आधार पर 7.7 गुना वृद्धि है। बैंक की कुल जमा राशि 617 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले साल की तुलना में 72 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी के मुताबिक, चालू खाता और बचत खाता (CASA) ग्राहकों की संख्या बढ़कर 39 लाख हो गई है। वहीं, सक्रिय बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट नेटवर्क 5,27,037 तक पहुंच गया।

जियो फाइनेंशियल के शेयर पर नजर

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर की बात करें तो शेयर करीब 255 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है। कंपनी और बैंक ऑफ अमेरिका के बीच हुई इस बड़ी डील के बाद निवेशकों की नजर शेयर के प्रदर्शन पर रहेगी।

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर का 52 हफ्ते का हाई 333.65 रुपये है। आने वाले कारोबारी सत्रों में इस डील का बाजार पर क्या असर पड़ता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

admin

Editor in Chief